Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, न्यायिक कर्मचारी संघ ने भी दिया समर्थन

अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, न्यायिक कर्मचारी संघ ने भी दिया समर्थन


कोरबा (खटपट न्यूज)। छग अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर 22 अगस्त से राज्य शासन के अधिकारी व कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कोरबा जिले में आईटीआई तानसेन चौक के निकट हड़ताल में विभिन्न संगठनों से जुड़े राज्य शासन के अधिकारी कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। फेडरेशन की हड़ताल को न्यायिक कर्मचारी संघ ने भी अपना समर्थन दे दिया है और वे हड़ताल पर बैठ गए हैं।

हालांकि इस बार की हड़ताल से लिपिक वर्ग ने किनारा कर लिया है लेकिन अन्य संगठनों ने हड़ताल को अपना सहयोग बनाए रखा है। हड़ताल की वजह से विभिन्न दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह प्रभावित होने के साथ ही स्कूलों में भी अध्यापन कार्य एक बार फिर ठप पड़ गया है।
बता दें कि लंबित दो सूत्रीय मांग 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतन के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता देने की मांग छत्तीसगढ़ कर्मचारी/अधिकारी फेडरेशन के द्वारा की जा रही है। जुलाई माह में 5 दिन की हड़ताल मांग के संबंध में की गई थी। मांग के संबंध में 16 अगस्त को शासन द्वारा निर्णय लेकर सातवां वेतनमान में 6 प्रतिशत एवं छठवां वेतनमान में 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता में वृद्धि किया गया है। इस तरह सातवां वेतनमान में कुल महंगाई भत्ता की दर 28 प्रतिशत व छठवां वेतनमान में कुल महंगाई भत्ता की दर 189 प्रतिशत होगी। यह राशि 1 अगस्त 2022 से नगद भुगतान किया जाना है। उक्त बढ़े हुए प्रतिशत को फेडरेशन के द्वारा नकारते हुए अपनी मांग को पूरा कराने के लिए हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया गया था।

Advertisement Carousel