
कोरबा. तहसीलदार और एक वकील के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। मामला पुलिस थाने तक पहुंच चुका है। तहसील में कार्यरत भृत्य द्वारा वकील के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने से नाराज अधिवक्ताओं ने पुलिस थाना में कल धरना दिया। अधिवक्ता नायब तहसीलदार औऱ तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर की मांग कर रहे थे। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसीलदार और उनके कर्मचारियों ने वकील के साथ मारपीट करते हुए गाली गलौज की है।

आज इस संबंध में कलेक्टर, कोरबा को ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार, नायब तहसील व उनके कर्मचारीगण के द्वारा 17 अगस्त को अधिवक्ता श्री गोपाल यादव के साथ की गई गाली गलौज, मारपीट व अभद्र व्यवहार किये जाने की शिकायत पर कार्यवाही किये जाने के लिए जिला अधिवक्ता संघ गोपाल यादव के समर्थन में आगे आया है। जिला अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर, कोरबा को सौंपे गए अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि कि अधिवक्ता श्री यादव अपने प्रकरण में न्यायालय कटघोरा में पैरवी रहे थे। इसी दौरान तहसीलदार रोहित सिंह, नायब तहसीलदार रविशंकर राठौर व उनके कर्मचारीगण द्वारा अधिवक्ता श्री गोपाल यादव के साथ गाली गलौज, मारपीट करते हुए अभद्र व्यवहार किया गया।जिला अधिवकता संघ कोरबा, अधिवक्ता श्री गोपाल यादव के साथ हुए घटना की घोर निन्दा करता है तथा संघ के द्वारा यह मांग की जाती है कि तहसीलदार रोहित सिंह, नायब तहसीलदार रविशंकर राठौर व उनके कर्मचारीगण को तत्काल निलंबित कर उक्त स्थान से हटाया जावे तथा उनके विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही किये जाने के लिए आदेशित किया जाये।















