कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा के पंचवटी विश्राम गृह के दिन एक बार फिर बहुर गए हैं। वीवीआईपी के आगमन पर यह दोबारा हो रहा है जब पंचवटी के रिनोवेशन का काम जोर-शोर से कराया जा रहा है। लगभग 18 साल बाद यह मौका तब आया है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 जनवरी 2023 को कोरबा प्रवास पर पहुंच रहे हैं।

इससे पहले वर्ष 2004 में जब अटल बिहारी वाजपेई जी देश के प्रधानमंत्री थे और भाजपा से कोरबा संसदीय सीट पर चुनाव लड़ रही प्रत्याशी श्रीमती करुणा शुक्ला के लिए चुनावी सभा को संबोधित करने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी का कोरबा आगमन हुआ था। तब वे पंचवटी विश्राम में ठहरे थे, उस दौरान पंचवटी की रंगत और सूरत बदल दी ग। इसके बाद से किसी वीवीआईपी का यहां का आना नहीं हुआ। 18 साल बाद गृह मंत्री अमित शाह के आने से पंचवटी की रंगत और सूरत बदली जा रही है। यहां रिनोवेशन का काम काफी जोर-शोर से कराया जा रहा है। बता दें कि प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम में आम सभा को संबोधित करने के बाद श्री शाह 1 घंटे 20 मिनट का समय पंचवटी में बिताएंगे। यहां आरक्षित समय दोपहर 3:50 बजे से शाम 4:30 बजे तक उनके द्वारा बैठक ली जाएगी। इसके मद्देनजर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलेक्टर संजीव झा, नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडेय की सीधी देखरेख में सारी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भाजपा नेताओं ने भी व्यवस्थाओं का यहां पहुंचकर जायजा लिया है।















