Sunday, September 20, 2026
Home कोरबा अच्छी सफलता : गैरेज में हुई चोरी के आरोपी न पकड़ाते तो...

अच्छी सफलता : गैरेज में हुई चोरी के आरोपी न पकड़ाते तो कट जाता एटीएम, प्रेमिका के साथ मिलकर बनाई थी योजना

कोरबा (खटपट न्यूज)। गैरेज में हुई चोरी का मामला सुलझाते-सुलझाते पुलिस ने होने वाली एक बड़ी चोरी की वारदात को टालने में अच्छी सफलता हासिल की है। दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, वहीं मुख्य आरोपी की फरार प्रेमिका की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत टीपी नगर में संचालित दिलीप राणा के बॉडी गैरेज से 27-28 फरवरी की रात ताला तोड़कर ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस पाइप, कटिंग टार्च, रेग्यूलेटर, मीटर घड़ी व सिलेंडर की चॉबी की चोरी हुई थी। दिलीप की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की गई। कोतवाली टीआई दुर्गेश शर्मा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी एसआई कृष्णा साहू, एएसआई भागीरथी चौधरी द्वारा आरक्षक देवनारायण कुर्रे, प्रेमेन्द्र चंद्रा, बुद्ध सिंह मधुकर के साथ मिलकर जांच शुरू की गई। गैरेज के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे तथा सिलेंडर में कम गैस होने के कारण इसकी रिफिलिंग करने वाले एजेंसी की तलाश करते हुए पुलिस की टीम आरोपियों तक पहुंची।

लाल रंग इओन कार क्र.- सीजी-13 वाय- 3292 के माध्यम से चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। इस कार के मालिक बुधवारी निवासी नेे पूछताछ में पुलिस को बताया कि ढोढ़ीपारा निवासी संजय पटेल पिता भगत राम द्वारा शादी में जाने के लिए मांग कर ले गया था। इस कार को बुधवारी गांधी चौक के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। कार में मौजूद संजय पटेल और उसका ममेरा भाई अजय पटेल पिता रामचंद्र 32 वर्ष निवासी ग्राम जुराली कटघोरा को हिरासत में लिया गया। कार की तलाशी में गैरेज से चोरी हुए सामानों के अलावा दस्ताना, पेचकस, सलाईरिंज, टी पाना, लोहे का राड व घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुआ। गैरेज से चोरी में उपयोग लाए गए एक्टिवा क्र. सीजी 12- एडब्ल्यू 9923 को भी जब्त किया गया।
कड़ी पूछताछ में संजय ने बताया कि 15-20 दिन पहले से वह अपने मोबाइल पर यू-ट्यूब में एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर रुपए चोरी करने का वीडियो देख रहा था। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम बलगी के एटीएम मशीन को काटकर रुपए चोरी की योजना उसने बनाया और इसमें अपनी प्रेमिका कु. झरोखा महंत पिता लोमस दास 24 वर्ष ग्राम मुढ़ाली रलिया और ममेरे भाई अजय पटेल को शामिल किया। तीनों ने समय बदल-बदल कर एटीएम मशीन की रेकी की और गैरेज से चोरी किए सामानों की मदद से एक मार्च की रात एटीएम काटने की योजना को अंजाम देना था। आरोपी युवती फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।

Advertisement Carousel