अंतत: पाली थाना से हटाए गए एसआई अशोक शर्मा, भेजे गए कटघोरा

कोरबा-पाली (खटपट न्यूज)। पाली थाना में पदस्थापना के बाद से ही अपनी कार्यशैली के लिए सुर्खियों और जिला से लेकर संभाग स्तर पर की जा रही शिकायतों से चर्चित हुए एसआई अशोक शर्मा को आखिरकार पाली थाना से स्थानांतरित कर दिया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा ने 17 अक्टूबर को जिला इकाई कोरबा में पदस्थ अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेश पर्यन्त नए स्थान पर पदस्थ कर निर्देशित किया है कि वे तत्काल अपनी आमद नवीन पदस्थापना स्थल पर देना सुनिश्चित करें। उक्त आदेश के तहत उप निरीक्षक अशोक शर्मा थाना पाली से थाना कटघोरा एवं आरक्षक 437 रविदास मानिकपुरी को रक्षित केन्द्र कोरबा से थाना लेमरू नवीन पदस्थापना दी गई है।

बता दें कि एसआई अशोक शर्मा पर पाली क्षेत्र के युवा व्यवसायी ने लाकडाउन के दौरान 20 हजार रुपये वसूलने, नुनेरा के किराना व्यवसायी ने सरकारी चावल अफरा-तफरी का झूठा प्रकरण बनाने, आदिवासी व्यक्ति ने उसे परेशान करने की लिखित शिकायत कर उन्हें यहां से हटाने की मांग आईजी दीपांशु काबरा से की थी। मामले में उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कटघोरा एसडीओपी पंकज पटेल द्वारा जांच की जा रही है। जांच की धीमी गति के मध्य एसआई के तबादले से इनसे प्रताडित लोग सहित नगरजनों ने राहत महसुस करने की बात कही है।

Advertisement Carousel